- सीआईएससीई बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी, हाईस्कूल में शत प्रतिशत रहा तीनों स्कूलों का परिणाम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) की 10वीं की परीक्षा में ग्रेटर नोएडा के जीसस एंड मैरी स्कूल के छात्र शौर्य पटेल ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा में नोएडा के द श्रीराम मिलेनियम स्कूल के छात्र रेहान अग्रवाल ने 99.3 प्रतिशत अंक लाकर जिला टॉप किया है। शौर्य के दो विषयों में 100 में से 100 अंक हासिल किए हैं। वहीं विज्ञान और हिंदी में उन्होंने 99 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं रेहान ने अंग्रेजी और अकाउंट में 100 में से 100 अंक हासिल किए हैं।
जिले में तीन स्कूल सीआईएससीई बोर्ड से संबद्ध हैं। बुधवार को जारी परिणाम के मुताबिक श्रीराम मिलेनियम स्कूल के 10वीं के छात्र शौर्य माहेश्वरी ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। जबकि तीसरे स्थान पर ग्रेनो के जीसस एंड मैरी की छात्रा यशी डबास रही हैं। उन्होंने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। जबकि 12वीं में द श्रीराम मिलेनियम स्कूल के छात्र तनुष बेहनी ने 98.8 प्रतिशत अंक लेकर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं द श्रीराम मिलेनियम स्कूल की शाइना गुप्ता और सेंट जोसफ स्कूल के शाश्वत कुमार श्रेष्ठ ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर जनपद में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है।
10वीं में तीनों स्कूल के सभी छात्र हुए पास
नोएडा और ग्रेनो के तीनों स्कूलों के सभी छात्र-छात्राएं 10वीं की बोर्ड परीक्षा में सफल रहे हैं। ग्रेनो के सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में 185 छात्रों ने परीक्षा दी थी। सभी ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। वहीं सेक्टर डेल्टा तीन में स्थित जीसस एंड मैरी स्कूल के 162 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। सभी ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। नोएडा के द श्रीराम मिलेनियम स्कूल के सभी छात्रों ने सफलता हासिल की है।
कक्षा 10वीं में जिले के तीन टॉपर
शौर्य पटेल 99.2% जीसस एंड मैरी स्कूल
शौर्य माहेश्वरी 98.8% द श्रीराम मिलेनियम स्कूल
यशी डबास 98.6% जीसस एंड मैरी स्कूल
कक्षा 12वीं में जिले के तीन टॉपर
रेहान अग्रवाल 99.3% द श्रीराम मिलेनियम स्कूल
तनुष बेहनी 98.8% द श्रीराम मिलेनियम स्कूल
शाइना गुप्ता 98% द श्रीराम मिलेनियम स्कूल
शश्वत कुमार श्रेष्ठ 98% सेंट जोसेफ स्कूल