- आरोपियों के पास से साढ़े तीन किलो चांदी और बाइक बरामद
- मुख्य आरोपी ने नोएडा के अलावा अन्य शहरों में भी की है वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पूरे देश के अलग-अलग हिस्से में स्थित मंदिरों से चांदी की मूर्ति, मुकुट चुराने वाले शातिर चोर और उसके सुनार साथी को सेक्टर-24 थाने की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से वारदात में इस्तेमाल होने वाली बाइक, साढ़े तीन किलो चांदी और चाकू बरामद हुआ है। मुख्य आरोपी ने नोएडा के अलावा चंडीगढ़ समेत अन्य स्थानों पर भी वारदात की है।
एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि इसी महीने 15 अक्टूबर को चोर ने सेक्टर-12 स्थित शिव मंदिर से भगवान के ऊपर लगी छत्र समेत अन्य चांदी के पात्रों को चुरा लिया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया और वारदात करने वाले चोर की गिरफ्तारी के लिए एसीपी स्वतंत्र सिंह की अगुवाई में एक टीम गठित कर दी गई। योजना के मुताबिक पुलिस ने मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालना शुरू किया। यहां टीम को बाइक सवार एक संदिग्ध मिला, जिसके बाद दोनों पुलिस के हाथ लगे। पूछताछ के दौरान उसने अपने सुनार साथी के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी की पहचान दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी राजू सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। उसका सुनार साथी सदाशिव मुरादाबाद के मुगलपुरा का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी राजू ने बताया कि वह किराये पर कमरा लेने के बहाने विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में दाखिल होता है। इस दौरान वह पता लगा लेता है सेक्टरों और सोसाइटियों की किन मंदिरों और मकानों में निगरानी कम है। जिस घर या मंदिर में लोग नहीं रहते हैं,वहीं पर वारदात करने की योजना बनाई जाती थी। उसने चंडीगढ़ के एक मंदिर में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ में यह भी पता चला कि सुनार सदाशिव चोरी के गहनों का आकार बदल देता था।