-रुपये लौटाने के बहाने बुलाकर पीड़ित को धमकाया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5.70 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। सेक्टर-142 कोतवाली पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
बुलंदशहर निवासी रोहित कुमार ने बताया कि करीब दस दिन पहले अशोक बंसल और शिव सिंह ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 5.70 लाख रुपये ले लिए थे। आरोपियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही नौकरी लगवा देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने का वादा करते हुए 14 जुलाई को उसे ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-142 क्षेत्र में सरपंच ढाबा के पास बुलाया। ढाबे पर कुछ देर बातचीत के बाद आरोपियों ने कहा कि फिलहाल रुपये नहीं हैं और दो-चार दिन बाद घर पहुंचाकर पैसे दे देंगे। इसी दौरान उन्होंने भरोसे के नाम पर पीड़ित की कार अपने पास छोड़ने का दबाव बनाया। आरोप है कि एक आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ वहां से चला गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पीड़ित को कार में बैठाकर होटल के पास ले जाकर उतार दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे धमकाते हुए वहां से चले जाने को कहा। वहीं कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।