घरेलू सहायक ने सिम चोरी कर यूपीआई आईडी बनाई, निकाले 4.20 लाख रुपये
- कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-61 में रहने वाले एक सेवानिवृत बुजुर्ग के घरेलू सहायक ने उनका सिम चोरी कर यूपीआई आईडी बना ली। इसके बाद कई बार में यूपीआई के माध्यम से 4.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिया। जब इसकी जानकारी हुई तब घरेलू सहायक भाग गया। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर 61 में रहने वाली सुशीला भारद्वाज ने पुलिस से शिकायत की है कि उनके पति सरकारी विभाग से सेवानिवृत्त हैं और पार्किंसन बीमारी से ग्रसित हैं। उनकी देखभाल व घर के काम के लिए राजस्थान हनुमानगढ़ निवासी शिवप्रसाद को घरेलू सहायक रखा था। 20 मार्च को पति की दवाई लाने के लिए जब बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि उसमें करीब चार लाख रुपये से अधिक की रकम कम है। इसके बाद वह बैंक गईं और पता किया तब जानकारी मिली कि यह रकम यूपीआई के माध्यम से निकाली गई है। जांच में पता चला कि 27 दिसंबर 2025 से 20 मार्च 2026 तक 4.20 लाख रुपये कई बैंक खातों में ट्रांसफर होने का पता चला। इनमें सबसे ज्यादा रकम शिवप्रसाद के बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है। इस बारे में जब उन्होंने घरेलू सहायक शिवप्रसाद से इस बारे में बात की तो वह पहले बहाने बनाने लगा। फिर बिना बताए ही घर से भाग गया। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और घरेलू सहायक के बारे में पता लगाया जा रहा है।