-आच्छेपुर गांव में हुआ हादसा, छत में चढ़ा युवक आया तार की चपेट में
- एक वर्ष से हाइटेंशन लाइन हटाने की मांग कर रहे थे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। आच्छेपुर गांव में एक मकान के ऊपर से होकर गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। घटना को ग्रामीणों ने इसे बिजली विभाग की लापरवाही करार दिया है। घटना के बाद उपखंड अधिकारी पश्चिमांचल विद्युत निगम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जल्द ही समस्याओं की समाधान का आश्वासन दिया गया।
आच्छेपुर गांव निवासी मनीष (20) पुत्र सुंदर शनिवार देर शाम अपने मकान की छत पर था। इसी दौरान वह मकान के ऊपर से होकर गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। परिजन उसे ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में ले गए। अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की घनी आबादी के बीच हाई टेंशन लाइन कई मकानों के ऊपर से होकर गुजर रही है। पिछले 1 वर्ष से लाइन को हटवाये जाने की मांग के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। आरोप है कि क्षेत्र में अब तक विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते 10 से भी अधिक लोग अपनी जीन गंवा चुके हैं।
घटना की सूचना पाकर विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हाई टेंशन लाइनों को जल्द ही हटवाए जाने का आश्वासन दिया। उधर पुलिस का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है।
नवंबर में थी मनीष की शादी
मनीष बीकॉम फाइनल का छात्र है। बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव कपना में मनीष की शादी नवंबर माह में होनी तय थी। मनीष और उसके बड़े भाई की शादी एक साथ परिजन ने तय की थी।
पतली गली में 11000 वोल्ट की खुली लाइन बनी ग्रामीणों के लिए खतरा
मनीष का घर जिस गली में है वह लगभग छह फुट चौड़ी है। ऐसे में 11000 वोल्ट की लाइन गुजर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले लाइन के नीचे सेफ्टी जाल भी गल कर टूट गया था। ग्रामीणों की मांग है कि विद्युत विभाग इन स्थानों पर केबल का प्रयोग करे, जिससे लोगों के लिए खतरा उत्पन्न न हो।