दनकौर (संवाद)। गांव राजपुर कला में नव विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में नामजद पति को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। 20 जून को नव विवाहिता का शव घर पर संदिग्ध परिस्थिति में मिला था। घटना के बाद मेरठ के किनौनी गांव निवासी उसके भाई नितिन ने दनकौर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
शिकायत में उन्होंने बताया था कि करीब 8 महीने पहले उनकी बहन निशा की शादी गांव निवासी पवन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में 10 लाख रुपये का कैश और एक स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति पवन और उसके परिजनों ने मिलकर निशा की शनिवार को गला दबाकर हत्या कर दी। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी पति पवन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य नामजद आरोपी जेठ पंकज, भीम और जेठानी पिंकी की तलाश में लगातार दबिश जारी है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।