चौराहे पर टक्कर के बाद पलटा था ट्रक, केबिन में लगी आग- कार चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-57 चौकी के पास चौराहे पर बृहस्पतिवार देर रात एक कार और कबाड़ से लदे ट्रक की टक्कर के बाद अफरातफरी मच गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और उसके केबिन में आग लग गई। हादसे के दौरान कार के अगले हिस्से ने भी आग पकड़ ली। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों वाहनों के चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया। हादसे में कार चालक को गंभीर चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली के बदरपुर निवासी ललित बृहस्पतिवार रात अपनी हुंडई एस्टर कार से एक महिला के साथ सेक्टर-61 की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-57 चौराहे पर खोड़ा की तरफ से रिंकू कबाड़ से भरा ट्रक लेकर आ रहे थे। चौराहे पर पहुंचते ही कार ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। अचानक हुई टक्कर से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। इसके कुछ ही देर बाद ट्रक के केबिन और कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और आग भड़क उठी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक रात करीब 12:55 बजे ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। टीम ने करीब 20 मिनट में एक गाड़ी की मदद से ट्रक में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।