आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर कारोबारी से 6.31 लाख रुपये की ठगी
- साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने एक कारोबारी को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर बदनाम करने और जेल भिजवाने की धमकी दी। आरोपियों ने मानसिक दबाव बनाकर पीड़ित से करीब दस महीने में 6.31 लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में वसूल लिए। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सेक्टर-22 निवासी एक कारोबारी ने शिकायत में बताया कि जून 2024 में टेलीग्राम के जरिए कुछ अज्ञात लोगों ने उससे संपर्क किया। शुरुआत में आरोपियों ने आपत्तिजनक तस्वीरें भेजीं और दावा किया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। साथ ही झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों से वह बुरी तरह घबरा गया। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए उसने कई बार में कुल 6.31 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम देने के बावजूद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका और ठग बार-बार नई रकम की मांग करते रहे। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के दबाव में उसने कुछ रकम परिचितों और दोस्तों से उधार लेकर भी भेजी। जब मांग लगातार बढ़ती गई और धमकियां बंद नहीं हुईं, तब उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल का कहना है कि जिन बैंक खातों में रुपये भेजे गए, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।