नोएडा। जिला अस्पताल में एमआरआई जांच सुविधा जल्द शुरू होने की संभावना है। एमआरआई मशीन लगाने वाली एजेंसी ने सोमवार को अस्पताल का जायजा लिया। इससे जांच सुविधा शुरू होने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने एक महीने पहले शासन को इस संबंध में पत्र लिखा था। वर्तमान में एमआरआई के अभाव में दुर्घटना में घायल सहित गंभीर मरीजों की जांच नहीं हो पाती। आपातकालीन विभाग में लाए गए ऐसे मरीजों को जांच के अभाव में दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है। एमआरआई जांच के बिना दिमाग, रीढ़ की हड्डी, लिगामेंट और जोड़ों की बारीक समस्याओं की पहचान नहीं हो पाती है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अशोक कुमार झा ने एजेंसी प्रतिनिधियों से बातचीत की है। अब अस्पताल में मशीन के लिए स्थान का निर्धारण होगा। दो से तीन महीनों में जांच मशीन लगने की उम्मीद है। ब्यूरो