तावडू। नगर में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवर लाइन डालने के लिए की गई खुदाई से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। पिछले
1 महीने से लोगों को दिक्कत हो रही है। वहीं सोहना भिवाड़ी सड़क मार्ग में लखपत चौक और मुख्य रोड पर जाम लगा रहता है, जिससे वाहन चालक परेशान हैं। प्रभु सिंह बागड़ी, अधिवक्ता धर्म किशोर, मुकुट गोयल, पवन, रजत, अजमत जाकिर, अमानत समेत अन्य का कहना है कि नगर के पटौदी रोड, सोहना भिवाड़ी मुख्य सड़क मार्ग, मुख्य बाजार की गलियां और अन्य जगहों पर सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है।
पिछले शनिवार जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सदर थाने की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते पर खुदाई की गई थी। इसके बाद से छोटे-बड़े वाहनों का मुख्य बाजार और सदर थाने की ओर प्रवेश रोक दिया गया। इससे पुलिस जवानों और शिकायतकर्ताओं को सबसे ज्यादा समस्या उठानी पड़ रही है। खुदाई से पहले तावडू सदर थाने परिसर में खड़ी सरकारी गाड़ियों को नगर में अलग-अलग जगह पर खड़ा किया गया था। तावडू पुलिस सदर थाने के जवानों का कहना है कि उन्हें 200 से 400 मीटर पैदल चलकर थाना जाना पड़ता है। नगर में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से भी उनके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
सीवर लाइन डालने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। नगर के 2 वार्डों में कुछ काम बचा है, जिसे जल्द पूरा कर दिया जाएगा। खोदे गए रास्तों को भी सही करने का काम शुरू कर दिया गया है। नगर वासियों से सहयोग की अपील है।
- त्रिलोकचंद मंगला, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग तावडू