-गढ़ी शहदरा ग्राम विकास समिति अध्यक्ष सुभाष भाटी ने लगाया प्रशासन पर आरोप
-गांव की जमीनों पर बसा नोएडा, लेकिन गांव वाले सुविधाओं को तरस रहे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्राम विकास समिति गढ़ी शहदरा के अध्यक्ष सुभाष भाटी ने गांव की समस्याओं पर प्रशासन से सवाल उठाए हैं। सुभाष ने कहा कि ग्राम गढ़ी शहदरा एवं शहदरा गांव की हालत बहुत खराब है। यहां पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। 15 साल पहले डाली गई सीवर लाइन का अबतक निकास नहीं बनाया गया। नोएडा प्राधिकरण शहर के सेक्टरों पर ध्यान देता है लेकिन गांवों की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जाता।
सुभाष भाटी ने कहा कि गांव में 15 साल पहले डाली गई सीवर लाइन अब तक मेन लाइन से नहीं जुड़ी, जिससे लगातार ओवरफ्लो हो रहा है। इसके अलावा सीवर की सफाई नहीं हुई, कई सीवर रोड के नीचे दबे हैं। गांव में तैनात 28 सफाई कर्मचारियों में रोजाना 7-8 कर्मचारी गैरहाजिर रहते हैं। यही नहीं, कुछ कर्मचारी सफाई के नाम पर खानापूर्ति करते हैं और फोटो खिंचवाकर चले जाते हैं। इस संबंध में इनकी शिकायत की जाती है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। यही नहीं, कूड़े की गाड़ी समय पर नहीं आती। जिला प्रशासन एवं नोएडा प्राधिकरण से हमारी मांग है कि यहां पर समस्याओं का समाधान करने के साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करें।