सेक्टर-44 के लोग बोले- लावारिस कुत्ते हमला कर देते हैं, रोजाना झाड़ू भी नहीं लगती
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-44 नोएडा का पॉश सेक्टर है लेकिन यहां पर सीवर और नाली की समस्या निवासियों को झेलनी पड़ रही है। लोगों ने कहा कि इस संबंध में अधिकारियों से शिकायत की गई, अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। रविवार को आयोजित अमर उजाला संवाद में लोगों ने बताया कि सीवर लाइन सेक्टर के गेट नंबर 10 से 30 मीटर रोड से होते हुए एमपी 3 मार्ग तक जाती है।
लोगों का आरोप है कि सीवर की रिपेयरिंग के बाद उखड़ी सड़क को बनाया गया लेकिन बरसाती पानी का नाला बंद कर दिया गया। इस कारण पानी के रिसाव से सड़क भी धंस गई। निवासियों ने कहा कि सेक्टर में लावारिस कुत्ते लोगों पर हमला कर देते हैं। रोजाना झाड़ू भी नहीं लगती है। स्ट्रीट लाइट टूट गई हैं। लोगों ने मांग की कि सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए चहारदीवारी की जाए। खुले इलेक्ट्रिक पैनल बॉक्स ठीक की जाएं। कम टीडीएस वाला पानी सप्लाई हो।
कुत्तों के हमले से लोग घायल हो रहे हैं। अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। -सुपर्णा भूषण सूद
लावारिस कुत्तों की वजह से सेक्टर में डर का माहौल है। बच्चे खेलने में डरते हैं। -कामिनी जैन
सीवर और नालियों का निकास ठीक नहीं है। इससे सीवर ओवरफ्लो होता है। -विभूति चतुर्वेदी
पूरी तरह से गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे टीडीएस बहुत हाई रहता है। -डॉ. राकेश पांडेय
सेक्टर की नालियां आपस में जुड़ी नहीं हैं। पानी का निकास भी सही नहीं है। -सुधीर सूद
बिजली के पैनल खुले हैं। इस समय बरसात का मौसम है। ऐसे में करंट का खतरा है। -कपिल जैन