दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष पहुंचे लंदन, भारत के 1900-1930 के विधायी रिकॉर्ड का किया अध्ययन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता शनिवार को लंदन की ब्रिटिश लाइब्रेरी पहुंचे। यहां पर उन्हें 1911 का दिल्ली दरबार, गवर्नमेंट हाउस, सचिवालय भवन, दरबार हॉल और औपचारिक उद्यान की दुर्लभ तस्वीरें मिलीं। उन्होंने विशेष रूप से भारत के 1900-1930 के विधायी रिकॉर्ड का अध्ययन किया। इसमें इम्पीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल, सेंट्रल लेजिस्लेटिव असेंबली, वर्तमान दिल्ली विधानसभा के इतिहास से जुड़े अभिलेख, अनदेखी तस्वीरें शामिल हैं।
ब्रिटिश हाईकमीशन के बुलावे पर विधानसभा अध्यक्ष ब्रिटिश लाइब्रेरी पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने ब्रिटिश लाइब्रेरी की इंटरनेशनल ऑफिस मैनेजर सेसिल कम्यूनल को मोदी20 किताब भेंट की और लाइब्रेरी के सहयोग के लिए आभार जताया। लाइब्रेरी के अधिकारियों ने दिल्ली विधानसभा को आगे भी सहयोग करने का वादा किया। मौके पर ब्रिटिश हाईकमीशन की सदस्य सहारा कुरैशी मौजूद रहीं। विजेंद्र गुप्ता ने 1900–1930 के भारतीय विधायी रिकॉर्ड से देश के विधायी और संसदीय इतिहास के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझा। इसमें ब्रिटिश शासन के दौरान भारत में विधायी और संसदीय विकास की घटनाओं का जिक्र है। ब्रिटिश लाइब्रेरी के विशेषज्ञों ने उन्हें किताबों और अभिलेखों के आधुनिक संरक्षण और डिजिटल तकनीक की जानकारी भी दी।