बदायूं। कुंवरगांव नगर पंचायत के विकास को गति देते हुए शासन ने दो करोड़ रुपये की सौगात दी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के अंतर्गत नगर में सात सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही बदायूं-आंवला मुख्य मार्ग पर 60 पोल लगाकर प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। इससे रात में पूरे क्षेत्र में रोशनी का सुचारू प्रबंध रहेगा।
सदर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेशचंद्र गुप्ता के प्रयासों से भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने हरी झंडी दे दी है। जिन सड़कों के निर्माण की मंजूरी मिली है, उनमें संजय गुप्ता की दुकान से कृपलिया होते हुए पोस्ट ऑफिस तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण, रामलीला मैदान से पोस्ट ऑफिस तक सड़क निर्माण, बॉबी की दुकान से डॉ. मनोहर लाल की दुकान तक सीसी व नाली, सत्य प्रकाश की पुलिया से मनोहर के मकान तक, सत्यम के मकान से निक्की सिंह के टावर तक सीसी सड़क व नाली बनेगी। इन सभी कार्यों पर कुल दो करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। शासन ने संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत में बदायूं-आंवला मुख्य मार्ग पर 60 नए पोल लगाए जाएंगे। इन पर हाई पावर लाइटें लगने से रात के समय लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी और पूरा मार्ग रोशनी से जगमगा उठेगा।
विकास का सिलसिला लगातार जारी
इसके पूर्व नगर में जल निकासी को एक करोड़ रुपये की स्वीकृति भी हो चुकी है। आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के बाद क्षेत्र में कई विकास कार्यों को गति मिली है। नगरवासियों में इस घोषणा के बाद खुशी का माहौल है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों से नगर की सड़कों और बिजली व्यवस्था के लिए मिली धनराशि से यहां काम हो सकेंगे। इससे आम जनता को लाभ होगा। - ज्योति रानी, अध्यक्ष, नगर पंचायत कुंवरगांव
बिल्सी में सात मीटर लंबे नाले के निर्माण की मिली स्वीकृत
बिल्सी नगर पालिका परिषद ने लंबे समय से मोहल्लों में बनी जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में शासन ने जल निकासी योजना के तहत नगर के बाइपास मार्ग पर एक बड़ा नाला निर्माण के लिए करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। स्वीकृति मिलते ही पालिका ने नाले के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही कार्य शुरु करा दिया जाएगा।
चेयरपर्सन ज्ञानदेवी सागर ने बताया कि नगर के मोहल्ला संख्या पांच में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बिगड़ जाती है। स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए पालिका लगातार शासन को नाला निर्माण का प्रस्ताव भेज रही थी। कई चरणों की प्रक्रिया के बाद शासन ने नगर के कछला रोड पर रामनिवास की दुकान से मुकईया पुल तक करीब 700 मीटर लंबे नाले के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
चेयरपर्सन ने बताया कि नाले का निर्माण शुरू होते ही इसे तीन माह के भीतर पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। नाला तैयार होने के बाद मोहल्ला संख्या पांच के लोगों को जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि नगर में करीब पांच हजार मीटर लंबे नालों का निर्माण होना है, जिसके लिए नगर पालिका द्वारा लगातार शासन को अलग-अलग प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। जैसे ही स्वीकृति मिलती है, निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।