प्रदेश में कोरोना से कुल संक्रमित हुए लोगों, स्वस्थ हुए लोगों और अन्य नागरिकों में एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए सीरो सर्वे शुक्रवार से शुरू हो गया। इसमें लिंग, आयु, शहरी और ग्रामीण सहित अलग-अलग पैमाने पर संक्रमण का पता लगाने के लिए सैंपलिंग की जाएगी।
जून के अंत तक इस सर्वे के परिणाम आएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कोविड-19 प्रबंधन के लिए गठित टीम-09 के साथ हुई बैठक में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कोरोना के कम होते संक्रमण दर के कारण 600 एक्टिव केस से कम संख्या वाले 65 जिलों को कोरोना कर्फ्यू से छूट दी गई है। इन जिलों में रात्रिकालीन बंदी को प्रभावी बनाने के लिए शाम 06 बजे से ही पुलिस व स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो जाएं।
पब्लिक एड्रेस सिस्टक का उपयोग करें। कहीं भी भीड़ की स्थिति न बने। इसका ध्यान रखा जाए। कई जिलों में लोगों के मास्क न लगाने, बाजारों में अनावश्यक भीड़, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने जैसी जानकारी मिली है। यह स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस प्रशासन को सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है।