वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती और लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विशेष बैठक की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों, समाजसेवियों और उत्तराखंड निर्माण में योगदान देने वाले सभी संगठनों को नमन किया गया। साथ ही सदस्यों को वोकल फॉर लोकल की शपथ दिलाई।
संगठन के अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती हम सबके लिए गौरव का क्षण है। सभी नागरिकों को संकल्प लेना चाहिए कि वे स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करें। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों का विलय कर भारत को एक सूत्र में बांधा।
बैठक में संगठन ने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि चीनी मांझे के आयात और बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए। हरिलोक तिराहा पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं का भी मुद्दा उठाया। कहा कि संगठन ने लंबे समय से यहां अंडरपास बनाने की मांग की थी जिसे अब सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के लिए सरकार का आभार जताया। इस दौरान बीपी गोयल, विद्यासागर गुप्ता, रामसागर सिंह, सुंदरलाल, एपी गौड़, हरदयाल अरोड़ा, एसएन बत्रा, महेंद्र शर्मा, गुलाब राय, ताराचंद, प्रेमकुमार भारद्वाज आदि मौजूद रहे।