छह आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, खिताब के लिए अंतिम चार टीमों के बीच होगी कड़ी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। स्वर्णनगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 शूटिंग व लॉन टेनिस चैंपियनशिप 2026-27 में रोमांचक मुकाबलों के बाद सभी आयु वर्गों में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने अपनी शानदार तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। अब खिताब के लिए सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।
लॉन टेनिस प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में रामज्ञ स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, जेबीएम ग्लोबल स्कूल और बाल भारती स्कूल ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। अंडर-17 बालक वर्ग में शिव नादर स्कूल, डीपीएस सेक्टर-132, स्टेप बाय स्टेप स्कूल और कोठारी इंटरनेशनल स्कूल सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। बालिका वर्ग में डीडीपीएस गोविंदपुरम, कोठारी इंटरनेशनल स्कूल, डीपीएस और उत्तम पब्लिक स्कूल ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अगले दौर में जगह बनाई।
वहीं, अंडर-19 बालक वर्ग में लोटस वैली स्कूल सेक्टर-126, लोटस वैली नोएडा और एसजीआर स्कूल की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं। बालिका वर्ग में डीडीपीएस गोविंदपुरम, जेपी पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा, अल्मा मैटर स्कूल और लोटस वैली स्कूल सेक्टर-126 ने खिताबी दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत की है। इन सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी शानदार तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्राचार्या मीता भंडुला ने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सभी टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा के साथ आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। ये प्रतियोगिताएं उनमें नेतृत्व क्षमता का भी विकास करती हैं।
खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा
स्कूल की स्पोर्ट्स एचओडी नीरज सिंह ने बताया कि बालिका वर्ग में आयोजित शूटिंग चैंपियनशिप में भी खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन बृहस्पतिवार को जारी रहा। खिलाड़ियों के बीच राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान तय करने के लिए काफी उत्साह नजर आ रहा है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शूटरों के बीच शुक्रवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले होंगे। इन निर्णायक मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।