संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-115 स्थित सोरखा गांव में डाक कांवड़ के लिए दूसरा समूह बनाया गया था, जिससे नाराज युवकों ने मंगलवार शाम तीन युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर हालत में तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्हें पिस्टल की बट और लाठी-डंडों से पीटा गया है। पीड़ितों ने आरोपियों को नामजद करते हुए सेक्टर-113 थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया है।
सोरखा गांव निवासी गब्बर ने पुलिस को बताया कि गांव से पहले एक समूह डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जाता था। कुछ समय पहले ही डाक कांवड़ ले जाने के लिए दो समूह बन गए। एक समूह की ओर से उनका भाई कपिल, धर्मेंद्र उर्फ धन्नू और संजय हैं। तीनों फिलहाल रेस लगाकर तैयारी कर रहे हैं। इसको लेकर दूसरा समूह रंजिश मानता है। 21 जुलाई की शाम कपिल, धर्मेंद्र और संजय गांव के निकट रेस लगा रहे थे। इसी दौरान दूसरे समूह के लोगों ने अभद्र टिप्पणी कर दी। उन्होंने विरोध किया। इसके बाद लक्की, राहुल, रोहित, सचिन, विपिन, लाला, कपिल, शिवांस, शिवम और अन्य ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पिड़ितों की शिकायत के आधार पर 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।