सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद होने का दावा
- फोटो : वीडियो ग्रैब
ग्रेनो वेस्ट स्थित सेंचुरियन पार्क लो-राइज अपार्टमेंट सोसाइटी के मुख्य गेट पर बिना वैध स्टिकर के गाड़ी अंदर ले जाने को लेकर शुक्रवार को जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि रोके जाने से नाराज एक कार चालक ने सुरक्षा सुपरवाइजर और गार्डों से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। यही नहीं, उसने गार्डों पर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने की कोशिश भी की। सोसाइटी के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद होने का दावा किया गया है।
सेंचुरियन पार्क लो-राइज अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने इस संबंध में बिसरख थाना प्रभारी को तहरीर सौंपी है। तहरीर के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:21 बजे एक व्यक्ति अपनी गाड़ी से बिना सोसाइटी स्टिकर के गेट से जबरन प्रवेश का प्रयास कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा सुपरवाइजर कपिल ने पुलिस के निर्देशों के तहत बने नियमों का हवाला देते हुए स्टिकर या पहचान दिखाने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर आरोपी उग्र हो गए।
आरोपी ने गाड़ी से उतरकर जबरन सिक्योरिटी गेट (बैरियर) हटाने की कोशिश की और सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की। रोकने पर उसने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार गाड़ी सुपरवाइजर और गार्डों की ओर बढ़ाई। सुरक्षाकर्मियों ने ऐन वक्त पर किनारे कूदकर अपनी जान बचाई। घटना से सोसाइटी परिसर और गेट पर दहशत का माहौल बन गया। एसोसिएशन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और सुरक्षाकर्मियों के बयान को साक्ष्य के रूप में दर्ज करने का आग्रह किया गया है।