ओमीक्रॉन वन ए में सुरक्षा गार्ड की तीन गोलियां मारकर हत्या
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर ओमीक्रॉन वन ए में सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पत्नी और ससुर पर संदेह जताया है। वहीं, पारिवारिक विवाद मानते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस पत्नी और ससुर से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, थाना जयसी, जिला सागर, मध्यप्रदेश निवासी राघवेंद्र (27) पुत्र राकेश ओमीक्रॉन वन ए में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। सुरक्षा एजेंसी राघवेंद्र के ससुर की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि राघवेंद्र साइट से चंद कदमों की दूरी पर बनी झुग्गी में पत्नी और चार साल के बेटे के साथ रहता था। तफ्तीश में सामने आया कि मंगलवार शाम उसका पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से चला गया था और देर रात तक घर नहीं लौटा। इस पर पत्नी समेत अन्य लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह करीब 8 बजे झुग्गियों से 500 मीटर दूर पर उसका शव पड़ा मिला। डायल 112 पर सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि राघवेंद्र की तीन गोलियां मारकर हत्या की गई है। अभी तक की जांच में मृतक की पत्नी और ससुर पर वारदात को अंजाम देने का शक है। दोनों के मोबाइल से पुरानी कॉल डिलीट की गई हैं। डीसीपी राजेश सिंह ने बताया कि शक के आधार पर पत्नी और ससुर से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।