- फोनरवा ने आरडब्ल्यूए को जारी की अपील, छोटी दूरी के लिए पैदल चलने और सिग्नल पर इंजन बंद रखने को करेंगे प्रेरित
फोटो-
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने के लिए अब सेक्टरों में भी सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने सभी आरडब्ल्यूए से अपने-अपने सेक्टर और सोसाइटी में जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है। इसके तहत निर्माण और मरम्मत कार्यों के दौरान पानी का छिड़काव करने, छोटी दूरी के लिए निजी वाहनों के बजाय पैदल या साइकिल से जाने और ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन का इंजन बंद रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
फोनरवा के महासचिव केके जैन ने बताया कि सभी सेक्टरवासियों से प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सोसाइटी के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से भी लोगों तक संदेश पहुंचाएंगे। उनका कहना है कि वायु प्रदूषण रोकना केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। लोगों से खुले में कूड़ा, सूखी पत्तियां और अन्य सामग्री नहीं जलाने की अपील की गई है। साथ ही सड़कों, पार्कों और आसपास सफाई रखने, पानी-बिजली की बर्बादी रोकने और पौधरोपण को बढ़ावा देने के लिए कहा जाएगा।
सेक्टर-48 बीसीडी में मशीनों से हो रहा छिड़काव-
सेक्टर-48 बीसीडी आरडब्ल्यूए के महासचिव पवन गोयल ने बताया कि धूल के कणों को कम करने के लिए आरडब्ल्यूए ने अपने खर्च पर डीप प्रेशर मशीनें मंगवाई हैं। इनके माध्यम से पेड़-पौधों और उन स्थानों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जहां धूल अधिक उड़ती है। इससे मिट्टी बैठने और आसपास नमी बनाए रखने में मदद मिलेगी। पूरे सेक्टर में जरूरत के अनुसार मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
पार्कों में कम हुई सुबह-शाम की सैर-
सेक्टर-50 निवासी और नोफा के संस्थापक राजीव सिंह ने बताया कि प्रदूषण बढ़ने के बाद पार्कों में सुबह की सैर करने वाले लोगों की संख्या कम हुई है। शाम को भी लोग पार्कों में कम पहुंच रहे हैं। कई निवासियों ने बाहर निकलते समय मास्क लगाना शुरू कर दिया है।
नोएडा सेक्टर 72 के पास कूड़े में लगी आग फोटो अमर उजाला