15-20 दिन से आपूर्ति प्रभावित, बुजुर्गों को भी रोजमर्रा के काम में परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-55 और 56 में पानी की समस्या से निवासी परेशान हैं। सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी के अनुसार, पिछले 15-20 दिनों से पानी की आपूर्ति बेहद प्रभावित है। लोगों को जरूरत पूरी करने के लिए निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जल विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह से लेकर संबंधित अधिकारियों और सुपरवाइजर तक शिकायत की गई। अधिकारियों और निवासियों के बीच कई बैठकें भी हुईं, लेकिन आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ। स्थिति यह है कि बुजुर्गों को सुबह की जरूरतों के लिए भी पानी मिलने की चिंता सताती है। सेक्टरवासियों ने बताया कि शारदीय नवरात्र चल रहे हैं। इस बीच घर की सफाई से लेकर पवित्रता का खास ख्याल रखना पड़ता है, लेकिन पानी की आपूर्ति न होने से घर की सफाई नहीं हो पा रही है। सुबह ऑफिस जाने से पहले नहाने तक का पानी नहीं रह जाता है। बर्तन न धुल पाने से घर में खाना नहीं बन पा रहा है। निवासियों ने प्राधिकरण से जल्द समस्या का समाधान कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
सेक्टर-55 में जल आपूर्ति में एक घंटे की कटौती
सेक्टर-55 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतनारायण गोयल ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारियों ने अपनी मनमानी करते हुए सेक्टर में मिलने वाले तीन घटें की आपूर्ति को दो घंटे तक सीमित कर दिया है। जहां अधिकारियों की ओर से मिले मैसेज के तहत जहां सुबह सेक्टर में 6 बजे से 9 बजे तक पानी आता था, वह अब सिर्फ 6 से आठ बजे तक पहुंच रहा है। यही हाल शाम का भी जहां एक घंटे की कटौती की गई है।
टैंकर के जरिए भर रही घर की टंकियां
सेक्टर-56 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी ने बताया कि उन्होंने बृहस्पतिवार को टैंकर बुलवाया और पानी के टैंकर के जरिए ही घरों की टंकियों तक पाइपलाइन डाली गई, जिसके बाद घरों की टंकियों में पानी पहुंच सका।