लोग बोले- पार्कों में नहीं पड़ती खाद-पानी, साफ-सफाई भी नहीं हो रही
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-12 के पार्कों से हरियाली गायब हो गई है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने कहा कि सिंचाई की सही व्यवस्था न होने से पेड़ों को पानी नहीं मिलता। ओपन जिम के उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
लोगों ने कहा कि सेक्टर के बी, सी, डी, एफ, जी, पी, क्यू, आर और एक्स ब्लॉक में पार्क बने हैं। यहां पर सालों पहले ग्रीनरी होती थी जो अब नहीं है। वहीं सेक्टर-36 के निवासियों ने बताया कि प्राधिकरण जिन पार्कों की सुंदरता के लिए करोड़ों रुपये खर्च करता है उन्हें संजो नहीं पा रहा है।
सेक्टर-71 जागृति अपार्टमेंट के आरडब्ल्यूए नीरज भटनागर ने बताया कि उनके अपार्टमेंट में करीब छह पार्क हैं जिनका बुरा हाल है। यहां न तो खाद डाली जाती है और न ही सिंचाई हो रही है। बड़े पेड़ों की नीचे की टहनियां काट दी जाती हैं लेकिन ऊपरी हिस्से के लिए कुछ नहीं होता है। यही कारण है कि तेज हवा चलने पर पेड़ गिरते हैं। लोगों का कहना है कि पार्कों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है।
-
पार्कों की नियमित सफाई व अन्य व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। -मोहिंदर सिंह, आरडब्ल्यूए महासचिव, सेक्टर-40
दो साल से पार्कों में खाद डालने की कोई व्यवस्था नहीं है। घास खत्म हो रही है। -अनीता, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-36
पार्क में नियमित सफाई नहीं होती। रख-रखाव कर्मचारी भी नहीं मौजूद रहते हैं। -देवेंदर चौहान, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-31
पार्कों और ओपन जिम की मरम्मत की मांग की गई लेकिन अब तक नहीं हुई है। -डॉ. तरसेम चंद, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर-12
वर्जन
सेक्टर-36 के बड़े पार्क बेहतर हैं। छोटे पार्कों में अतिक्रमण के चलते पेड़-पौधे संजोना मुश्किल है। सेक्टर-31 में सीवर लाइन गुजर रही जिसके कारण समस्या थी। उसे दुरुस्त करा दिया गया है। पार्कों का पुनर्विकास कराया जा रहा है। जल्द ही सभी पार्क दुरुस्त किए जाएंगे। -आनंद मोहन, निदेशक, उद्यान विभाग, नोएडा प्राधिकरण