बैंक्वेट हॉल की तर्ज पर होगा निर्माण, छह करोड़ रुपये की आएगी लागत, जल्द जारी होगा टेंडर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-100 में बैंक्वेट हॉल की तर्ज पर बनने वाले कम्युनिटी सेंटर परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। नोएडा प्राधिकरण जल्द ही इस परियोजना का टेंडर जारी करेगा। मंजूरी सीईओ स्तर से दी गई है।
यह सेंटर पारंपरिक ढांचे से अलग होगा, जिसका उद्देश्य यह है कि निवासी अपने आयोजनों के लिए बाहरी बैंक्वेट हॉल पर निर्भर न रहें। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 6 करोड़ रुपये है, जिसमें सिविल और विद्युत-यांत्रिक कार्य शामिल हैं।
अब तक प्राधिकरण द्वारा बनाए गए कम्युनिटी सेंटरों में केवल कमरे, किचन और सामान्य लाइटिंग होती है। जबकि सेक्टर-100 के लिए तैयार डीपीआर में लॉन, चारों ओर पार्किंग, खुले क्षेत्र में बैठने के लिए हट, और बैंक्वेट जैसी सजावट वाले हॉल व कमरे शामिल किए गए हैं। डिजाइन में कांच और विशेष लाइटिंग से साज-सज्जा पर जोर दिया गया है।
सेक्टर-100 में फिलहाल कोई कम्युनिटी सेंटर नहीं है। यहां लोटस बुलेवर्ड और लोटस एस्पेसिया के करीब 4 हजार फ्लैट, सेंचुरी अपार्टमेंट में 400 फ्लैट, और विला सेक्टर में 400 मकान हैं। स्थानीय निवासी लंबे समय से सेंटर की मांग कर रहे थे।
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम के निर्देश पर इंजीनियरिंग विभाग ने इस परियोजना की नई डिजाइन तैयार करवाई है, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।