नारनौल। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को जिला सचिव डॉ. व्रतपाल सिंह की अगुवाई में नई अनाज मंडी में बाजरा खरीद का जायजा लिया।
किसानों ने बताया कि भारी बारिश से बाजरा, कपास व ग्वार की फसलों को नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार को बाजरा जैसी भी गुणवत्ता में है, स्वीकार कर न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों को दिया जाना ही न्यायसंगत होगा।
किसानों ने कहा कि रबी की फसल का यह उपयुक्त समय है लेकिन किसानों को खाद की किल्लत हो रही है। मंडी में किसानों के लिए खाने की भी मार्केट कमेटी की ओर से कोई व्यवस्था नहीं है।
किसान संगठन की ओर से एमएसपी पर बाजरा खरीद व रबी फसलों की बिजाई के लिए पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंडी के मार्केट कमेटी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। सीएम, कृषि व किसान कल्याण मंत्री के नाम कमेटी सचिव को ज्ञापन साैंपा। संवाद