तिर्वा। मंडी समिति स्थित धान क्रय केंद्र का डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया, किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली का विस्तृत मूल्यांकन किया। केंद्र प्रभारी राजेश कुमार ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि मंडी सचिव और निरीक्षक के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई और अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसान माधव प्रसाद ने डीएम से शिकायत करते हुए बताया कि वह धान लेकर केंद्र पर तीन दिनों से प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब तक तौल नहीं हो सकी है। साथ ही बिजली आपूर्ति में बाधा भी किसानों को परेशान कर रही है। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल निर्देश जारी किए कि तौल में हो रही देरी समाप्त की जाए और किसानों को कतार में अनावश्यक समय तक प्रतीक्षा न करनी पड़े। निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव रघुराज प्रताप सिंह और निरीक्षक पुष्पलता अनुपस्थित मिले।
डीएम ने एसडीएम राजेश कुमार को आदेशित किया कि लंबित किसान पंजीकरण का सत्यापन पूरा किया जाए, ताकि किसान की खरीद प्रक्रिया बाधित न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खरीद में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। खरीद के अब तक के आंकड़ों की समीक्षा में पाया कि तिर्वा स्थित मंडी समिति में मक्का 206 क्विंटल, धान 693 क्विंटल तथा बाजरा 177 क्विंटल की खरीद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा चुकी है, जिसका शत-प्रतिशत भुगतान किसानों के खातों में किया जा चुका है। इसके साथ ही डीएम ने साफ चेतावनी दी कि व्यापारियों द्वारा लाया गया धान नहीं खरीदा जाएगा। केवल पंजीकृत और वास्तविक किसानों की उपज ही केंद्र पर स्वीकार की जाए।