माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। भूमाफियाओं द्वारा प्रॉपर्टी दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बुलंदशहर इतेश पोसवाल का कहना है कि अपने आवास के लिए एक प्लॉट खरीदना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर अनिल भड़ाना निवासी दादरी से हुई थी। अनिल ने बताया कि उसके परिचित केदारनाथ राय उर्फ देवाशीष के पास नोएडा सेक्टर-55 में 375 वर्गमीटर का प्लॉट है। अनिल ने इतेश की मुलाकात देवाशीष से कराई। जिसके बाद प्लॉट का सौदा 3.75 करोड़ में तय हुआ। इतेश ने बतौर अग्रिम राशि 50 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में देवाशीष के खाते में जमा किए। इसके अलावा 11.82 लाख रुपये टीएम शुल्क के नाम पर भी देवाशीष ने लिए।
जब इतेश ने रसीद मांगी तो लगातार बहाने बनाए गए। बाद में आरोपी देवाशीष ने 3 फरवरी 2025 को एक रसीद दी। जबकि उसके साथी राकेश बिष्ट ने 10 फरवरी को उसी प्लॉट की एक और रसीद जारी कर दी। जब वह कसाना टावर अल्फा-1 जाकर आरोपियों से मिला तो उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि जो करना है कर ले। आरोप है कि अनिल भडाना, राकेश विष्ट उर्फ दलवीर, देवाशीष, शशिकांत राय, विभूति और अभिषेक माथुर ने मिलकर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की और लगभग 60 लाख से अधिक रुपये हड़प लिए। वहीं बीटा-2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।