दनकौर (संवाद) दनकौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में कार सवार युवकों ने दो छात्राओं के साथ अभद्रता की। उन्होंने पहले उन पर अभद्र टिप्पणियां की और इसके बाद उन्हें कार में खींचने का भी प्रयास किया। जैसे तैसे छात्राओं ने खुद को बचाया और फिर कोतवाली पहुुंचकर शिकायत की।
छात्राओं के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटियां दनकौर के एक इंटर कालेज में पढ़ती हैं और नाबालिग हैं। शनिवार की दोपहर को दोनों छात्राएं कालेज की छुट्टी होने के बाद पैदल अपने गांव लौट रही थीं। आरोप है कि स्पोर्ट्स सिटी के पास कार सवार दो अज्ञात युवकों ने छात्राओं के पास कार रोक दी और उनके साथ अभद्रता करने लगे। आरोपियों ने दोनों छात्राओं को कार के अंदर खींचने का भी प्रयास किया। राहगीरों को आता देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। छात्राओं ने आरोपियों की कार का नंबर नोट कर लिया था। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छात्राओं के बताए गए कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।