-ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सर्विस लेन से गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर हुआ विवाद
-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार रात सर्विस लेन से गाड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने फिरोजाबाद जिले में तैनात दारोगा के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की कर दी। आरोप है कि युवक ने दारोगा से अभद्रता करते हुए पैरों पर गिरकर माफी मांगने को कहा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी की पहचान रोहित चौधरी निवासी ईकोविलेज-2 के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना बिसरख थाना क्षेत्र में चेरी काउंटी के पास रविवार रात करीब 9 बजे हुई। फिरोजाबाद जिले में तैनात सब इंस्पेक्टर सुमित अपनी पत्नी को डॉक्टर को दिखाने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट आए थे। वहीं से आरोपी रोहित भी गुजर रहा था। इस दौरान दोनों की गाड़ी आमने-सामने आ गई। दोनों ने गाड़ी को एक दूसरे से पीछे करने का निवेदन किया। मगर आरोपी मानने को तैयार नहीं हुआ।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवक ने दारोगा के साथ धक्का-मुक्की की और अभद्रता की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक दारोगा से पैरों पर गिरकर माफी मांगने की बात कहता नजर आ रहा है। दारोगा अपनी ओर से मारपीट नहीं करने की बात कहते हुए नजर आ रहे हैं।
घटना के दौरान एक महिला ने भी उसके साथ अभद्रता करने और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि विवाद मुख्य रूप से गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुआ था। कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक मामले में दारोगा की शिकायत पर इकोविलेज-2 निवासी रोहित चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी से भी युवती की बहस का वीडियो : घटना से जुड़े एक अन्य वीडियो में एक युवती चेरी काउंटी चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर अंकित तरार से बहस करती दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोग दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की गई है। घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं।