- दिल्ली से लौटते समय हुआ सेक्टर-37 स्थित फ्लाईओवर पर हुआ हादसा, घायल युवक को हायर सेंटर रेफर किया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-37 स्थित फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। हादसे में स्कूटी चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। मृतक की पहचान बुलंदशहर के औरंगाबाद कस्बा निवासी करण के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सेक्टर-31 के निठारी गांव में किराये पर रहता था। घायल की पहचान अप्पू उर्फ संदीप के रूप में हुई है। वह भी निठारी गांव की गली नंबर चार में किराये पर रहता है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों युवक स्कूटी से दिल्ली गए थे और वहां से लौट रहे थे। दादरी फ्लाईओवर पर चढऩे के बाद अचानक स्कूटी चालक नियंत्रण खो बैठा। स्कूटी सीधे रेलिंग से टकराकर सड़क पर गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि करण का सिर रेलिंग से टकराने के कारण गंभीर रूप से फट गया और काफी खून बह गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि इस मामले में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।