युवक की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। नंगला नैनसुख गांव में दीपावली पर रात्रि के समय प्लॉट पर बैठे रिंकू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के चार दिन बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं किए जाने पर पुलिस के विरोध में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे। तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जल्द गिरफ्तार की कार्रवाई करने का आश्वासन देकर ग्रामीण महिला पुरुषों को वापस लौटाया।
ज्ञात हो कि नंगला नैनसुख गांव में 20 अक्टूबर की रात्रि में करीब 10 बजे रिंकू, सत्तन भाई के प्लाट पर बैठे हुए थे। इसी दौरान चकरपुर गांव के सचिन ने अपने साथियों के साथ आकर रिंकू के गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सचिन को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। सचिन द्वारा पुलिस पर जानलेवा हमला करने के दौरान मुठभेड़ होने पर पैर गोली लग गई थी। जिससे वह घायल हो गया था। घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अन्य साथियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं जाने से नाराज ग्रामीण महिला, पुरुष दादरी कोतवाली पहुंचे। हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। संवाद