250 एलईडी लाइटों से चमकेगा सूरजपुर से एलजी गोल चक्कर रोड
-ग्रेनो प्राधिकरण ने शुरू कराया काम, यहां के बाद अन्य सड़कों पर होगा काम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडडा। प्राधिकरण ने शहर की सड़कों को सजावटी लाइटों से सजाने का काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में एलजी चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट पर काम शुरू किया गया है। यहां 250 एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। वहीं शहर की अन्य सड़कों पर दिवाली से पहले लाइट लगाने का काम पूरा होगा। ताकि दिवाली पर शहर की सड़कें रोशनी से जगमग रहें।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि सूरजपुर से कासना तक कुल 12 किमी लंबी सड़क है। इस पर दिवाली से पहले एलईडी लाइटें लगाने का काम होगा। पहले चरण में सूरजपुर टी-प्वाइंट से एलजी गोल चक्कर के एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू हुआ है। करीब 3.5 किमी की दूरी में सड़क के सेंट्रल वर्ज में 250 लाइट लगाने का काम होगा। तीन माह के अंदर काम पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि शहर के बीच से निकल रही इस सड़क के चमकने से शहर की रौनक भी बढ़ेगी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि सेक्टर अल्फा-1 कॉमर्शियल बेल्ट गोल चक्कर से शुरू होने वाली 105 मीटर रोड के बाकी हिस्सों में भी एलईडी लाइट लगाने का काम जल्द पूरा होगा।