मो सफीक खान
-करोड़ों की सुविधा पर ताला, न प्राधिकरण चला रहा न निजी कंपनी आगे आई
नोएडा। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में बना स्क्वैश कोर्ट संचालन के अभाव में बंद पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि इस सुविधा के संचालन के लिए प्राधिकरण की ओर से पांच बार टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई भी निजी एजेंसी इसके संचालन के लिए सामने नहीं आई है।
स्टेडियम परिसर में तैयार स्क्वैश कोर्ट पर फिलहाल कोई खेल गतिविधि नहीं हो रही है, न तो इसका संचालन नोएडा प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है और न ही इसे किसी निजी ऑपरेटर को सौंपा गया है। ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत से तैयार यह सुविधा उपयोग के बिना ही पड़ी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राधिकरण ने स्क्वैश कोर्ट के संचालन के लिए लगातार पांच बार टेंडर प्रक्रिया अपनाई, लेकिन हर बार यह प्रक्रिया असफल साबित हुई। सोचने वाली बात यह है कि क्या टेंडर की शर्तें इतनी सख्त हैं कि कोई निजी एजेंसी इसका संचालन नहीं करना चाहती, या इस खेल में निजी एजेंसियों की रुचि कम है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने अक्टूबर 2023 में मुंबई में आयोजित 141वें सत्र में क्रिकेट, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस और बेसबॉल/सॉफ्टबॉल के साथ-साथ स्क्वैश को शामिल करने की मंजूरी दी थी। पिछले साल ही भारत की टीम ने हांगकांग को 3-0 से हराकर स्क्वैश में स्वर्ण पदक हासिल किया था। अब बड़ा सवाल यह है कि जब सुविधा पूरी तरह तैयार है, तो उसका संचालन क्यों नहीं हो पा रहा।