माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। अप्रैल के 15 दिन बीतते ही गर्मी रिकॉर्ड तोड़ने लगी है। पिछले दो दिन से शहर का तापमान 38 डिग्री से अधिक बना हुआ है और ऐसे में शहरवासियों को सुबह से हो रही तेज धूप परेशान कर रही है । एक ओर गर्मी और दूसरी ओर प्रदूषण की मार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। लगातार दूसरे दिन भी नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स ऑरेंज जोन में दर्ज किया गया। जबकि ग्रेटर नोएडा देश का सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 313 और नोएडा का एक्यूआई 255 रहा। अगले 4-5 दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। फिलहाल हीटवेव चलने की संभावना नहीं बन रही है।