तावडू। गांव मोहम्मद पुर अहिर में स्थित एक निजी विद्यालय प्रबंधन पर 2 छात्रों की स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट ( एसएलसी) नहीं देने, जबरन अतिरिक्त फीस मांगने और परिजनों को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजन ने मामले को लेकर एसडीएम और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को शिकायत देकर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मोहम्मदपुर निवासी समय सिंह ने बताया कि बालाजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से उसके पुत्र लोकेश ने छठी कक्षा व निशांत ने 8 वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। समय सिंह का कहना है कि उन्होंने दोनों बच्चों की फीस पूरी जमा कराई है। अप्रैल 2021 तक कुछ भी बकाया नहीं था। आरोप है कि जब उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से अपने बच्चों की एसएलसी की मांग की तो प्रबंधन स्कूल के चक्कर लगवाता रहा। अप्रैल माह तक पूरा भुगतान करने के बाद उनसे अतिरिक्त फीस का भुगतान करने का दबाव बनाया। वहीं जाति सूचक गालियां देकर उन्हे एसएलसी देने से मना कर दिया गया है।
मामले को लेकर पीड़ित समय सिंह ने तावडू एसडीएम कार्यालय व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं तावडू ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश मलिक ने कहा है कि मामला उनके संज्ञान में अभी आया है वह मामले में जांच करेंगे।