संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को सर्दी से बचाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके तहत कक्षाओं व कमरों में सर्द हवा रोकने के लिए खिड़की-दरवाजे दुरुस्त करने के साथ चिक व पर्दे लगाए जाएंगे। इसी के साथ निदेशालय ने स्कूल लगने व छुट्टी का समय भी बदल दिया है। निदेशालय ने 15 नवंबर से 15 फरवरी तक स्कूल लगने का समय सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक करने के आदेश जारी किए गए हैं।
निदेशालय के आदेश सभी राजकीय व निजी विद्यालय सहित सीबीएसई, हरियाणा बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड सभी पर लागू होंगे। निदेशालय ने समय बदलने का पूरा शेड्यूल जारी किया है। इसमें एकल और दोहरी पारी वाले विद्यालयों के अलग-अलग समय है। निदेशालय ने आदेश जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड मौलिक शिक्षा एवं खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्राचार्यों को पत्र से जारी कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्याें को विद्यालयों में सर्दी बचाव के कार्य समय से पहले पूरे करवाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए सभी प्रभारियों को स्कूलों में सर्दी बचाव के करवाए जाने वाले कार्याें की जानकारी मांगी है। कड़ाके की सर्दी शुरू होने से पहले सभी बचाव के काम पूरे करवाने की योजना है। हर साल सर्दी होने के बाद यह काम करवाए जाते थे, परंतु इस बार विभाग ने समय से पहले काम पूरे करने की योजना है।
कक्षाओं के सभी दरवाजे, खिड़कियों की मरम्मत की जाएगी। जाम हो चुकी खिड़कियां व दरवाजे दुरुस्त किए जाएंगे। इसके अलावा जिन कमरों में दरवाजे व खिड़कियां नहीं हैं, वहां लगवाए जाएंगे। कक्षा व कमरों के बड़े रोशनदान अस्थायी रूप से बंद किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पर्दे, चिक इत्यादि भी लगाई जाएंगी। विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर पढ़ाने के लिए टाट पट्टी दुरुस्त की जाएंगी। खिड़कियां दरवाजे बंद होने से कमरों में अंधेरा न हो, इसके लिए कक्षाओं में रोशनी का प्रबंध किया जाएगा।
यह रहेगा स्कूल का समय
जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूल 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर साढ़े तीन बजे तक लगेंगे। वहीं, दोहरी शिफ्ट वाले स्कूलों का समय अलग रहेगा। शेड्यूल के अनुसार दोहरी शिफ्ट वाले स्कूल सुबह सात बजकर 55 मिनट से शाम पांच बजकर 15 तक लगेंगे। ऐसे स्कूलों में पहली शिफ्ट सुबह सात बजकर 55 मिनट से दोपहर साढ़े 12 बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजकर 40 मिनट से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक चलेगी।
सर्दी के दस्तक देने के साथ ही निदेशालय ने स्कूल लगने का समय बदलने के आदेश दिए हैं। यह आदेश सभी राजकीय व निजी विद्यालयों पर लागू होंगे। सर्दी को लेकर स्कूलों में किए जाने प्रबंध करने के सभी प्रभारियों को आदेश दिए हैं। सर्दी बढ़ने से पहले स्कूलों में सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। - प्रेमलता, जिला शिक्षा अधिकारी।