अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा जिले के आठ केंद्रों पर रविवार को होगी। परीक्षा के माध्यम से 279 मेधावियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए होगा। इसमें 2645 परीक्षार्थी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग की तरफ से परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी जानकारियां शुक्रवार को दी गई।
बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा आठ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा के लिए आवेदन किया था। यह परीक्षा रविवार 9 नवंबर को जिले के चयनित परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी। विकलांग अभ्यर्थियों को एक घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा। परीक्षा ओएमआर सीट पर कराई जाएगी, जिसके प्रथम भाग में सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षण के 90 बहु विकल्पीय प्रश्न होंगे। वहीं द्वितीय भाग में शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण के 90 बहु विकल्पीय प्रश्न (35 विज्ञान, 35 सामाजिक विज्ञान एवं 20 प्रश्न गणित) होंगे। प्रत्येक प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित है। इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
डीआईओएस प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि बताया कि परीक्षा की शुचिता को कायम रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल होने वाले 279 छात्र-छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के दौरान प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।
बच्चों को बताए सफलता पाने के टिप्स
शुक्रवार को कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय परस कटुई अकबरपुर के अलावा सभी विद्यालयों में बच्चों को परीक्षा के पेपर का पैटर्न, परीक्षा से संबंधित प्रश्नों के प्रकार व ओएमआर शीट को भरने की जानकारी दी गई। इसके अलावा शिक्षक अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर बच्चों की तैयारी करा रहे हैं, ताकि वह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
एक नजर में
परीक्षा केंद्र परीक्षार्थी
जीआईसी अकबरपुर 200
बीएन इंटर कॉलेज अकबरपुर 480
डॉ. जीके जेटली इंटर कॉलेज अकबरपुर 350
सावित्री बाई फुले राजकीय बालिका इंटर 240
कॉलेज कुर्की बाजार
रामदेव जनता इंटर कॉलेज कटेहरी 400
रामअवध जनता इंटर कॉलेज बरियावन 400
सर्वोदय इंटर कॉलेज कोटवा 300
पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय 275
मॉडल इंटर कॉलेज जाफरगंज