-भंगेल, मैटरनिटी चाइल्ड हास्पिटल, दादरी, बादलपुर, जेवर सीएचसी पर काम अंतिम चरण पर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अब मरीजों की जटिल सर्जरी से जिंदगी बचाना आसान होगा। शासन के निर्देश पर आधुनिक मशीनों से लैस मॉड्यूलर आपरेशन थिएटर (ओटी) बनाए जा रहे हैं। भंगेल, मैटरनिटी चाइल्ड हास्पिटल, दादरी, बादलपुर और जेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मॉड्यूलर ओटी का काम अंतिम चरण में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण कर ओटी के अधूरे कामों को जल्द ही पूरा कराने की बात कही है।
शासन ने 2025 में गौतमबुद्ध नगर समेत आठ जिलाें के 17 अस्पतालों में 27 मॉड्यूलर ओटी बनाने का निर्णय किया था। अभी तक इन जिलों में सामान्य ओटी थी। हादसों में गंभीर घायल लोगों को आधुनिक मशीनों से उपचार देने की व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर में रेफर करना पड़ता था। नए ओटी में आधुनिक मेडिकल संसाधनों के साथ प्रशिक्षित स्टाफ भी तैनात किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इनका निर्माण ट्रामा केयर अंडर स्कीम फॉर कैपिटल इंवेस्टमेंट स्कीम के तहत हो रहा है। उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पावर बैकअप के लिए यूपीएस लगने हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शासन को यूपीएस के लिए अनुमोदन पत्र भेजा है। वहां से स्वीकृति मिलने पर उसे जल्द लगवाकर ओटी शुरू कर दी जाएगी।
कोट
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पांच मॉड्यूलर ओटी बनाई जा रही हैं। इनका काम अंतिम चरण में है। नए ओटी में गंभीर मरीजों की जटिल सर्जरी भी आसानी से हो पाएगी।
डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, सीएमओ, गौतमबुद्ध नगर