ग्रेटर नोएडा (संवाद)। एक माह में सैटेलाइट के जरिये खेतों में आग लगने के नौ मामले सामने आए हैं। कृषि विभाग की टीम ने सभी मामलों की मौके पर जाकर जांच की। जांच में किसी भी स्थान पर पराली जलाने की पुष्टि नहीं हुई। सभी जगह खेतों के किनारे या मेंड़ पर कूड़ा और फसल अवशेष जलते मिले।
इनमें चार मामले दादरी ब्लॉक के बढ़पुरा गांव के हैं। 25 सितंबर को बढ़पुरा गांव में चकरोड के किनारे चार स्थानों पर खेत के किनारे कूड़े के ढेर में आग लगी मिली। 30 सितंबर को जेवर के मंगरौली गांव में खेत की मेंड़ पर कूड़े के अवशेष जलते मिले। एक अक्तूबर को जेवर के थोरा गांव में दो स्थानों पर खेत की मेंड़ पर कूड़े के अवशेष जलाए जाने की पुष्टि हुई। इसी दौरान सदर तहसील के बेला कलां गांव में भी कूड़े के ढेर में आग लगी मिली। उप कृषि निदेशक विवेक दूबे ने बताया कि किसानों को पराली न जलाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।