संवाद न्यूज एजेंसी
बरनाला। गांव फरवाही के पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के एक गीत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सने सरपंच सारा पिंड कुट दऊं गीत को लेकर बरनाला के सरपंचों ने विरोध जताया है।
रविवार को बरनाला जिले से संबंधित गांवों के सरपंच डीसी कार्यालय बरनाला गेट के बाहर एकत्रित हुए। सभी ने गुलाब सिद्धू के खिलाफ नारेबाजी की। सरपंचों ने कहा कि गुलाब सिद्धू ने पिछले दिनों जारी अपने पंजाबी गीत में गांव के चुने हुए सरपंच और पूरे गांव को पीटने की धमकी दी है। साथ में सरपंचों ने कहा कि सरकार के अलावा गांव का सरपंच भी अपनी जेब से खर्च करके गांव के विकास कार्यों में दिन-रात अपना सहयोग देता है। गांव में अच्छे कामों के लिए सरपंचों को प्रोत्साहित करने के बजाय गुलाब सिद्धू ने जानबूझकर शोहरत पाने के लिए उक्त यह गीत गाया है।
गुलाब सिद्धू के गांव फरवाही के सरपंच जगसीर सिंह ने मामले को सुलझाने के लिए उनके परिवार से बात की लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। सरपंच ने सभा में बताया कि गायक की मां ने कहा कि गायकों पर हमेशा पर्चे होते रहते हैं। सरपंचों ने सोशल मीडिया अकाउंट से गीत को डिलीट करने, गाने पर प्रतिबंध लगाने और गायक से माफी मांगने की मांग की। अगर ऐसा नहीं हुआ तो सरपंच मिलकर गायक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेंगे और उसके कार्यक्रमों का भी विरोध करेंगे। सरपंचों ने गांवों और शहरों में डीजे मालिकों से भी कहा कि वे अपने डीजे पर यह गाना न बजाएं। सरपंचों ने चेतावनी दी कि गुलाब सिद्धू के खिलाफ सोमवार को बरनाला में एक बड़ा समागम होगा। बता दें कि इस मामले को लेकर गुलाब सिद्धू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर माफी मांगी थी लेकिन सरपंच इस बात पर अड़े हैं कि वे सरपंचों के बड़े समागम में आकर माफी मांगें। साथ ही उक्त गीत को अपने अकाउंट से हटाएं।