साथियों के साथ घर लौट रहे सेठपुर गांव निवासी युवक पर बाइक सवार लोगों ने बालावाली तिराहे के समीप गोली चला दी। युवक को दो गोलियां लगी और वह नीचे गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। गंभीर अवस्था में युवक को स्थानीय अस्पताल लाया गया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हमलावरों की संख्या तीन बताई गई है। पहचान कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सेठपुर गांव निवासी मनीष अपने साथियों सागर, अमन और आनंद निवासी ग्राम झाबरी थाना पथरी के साथ शनिवार शाम को गोवर्धनपुर मार्ग की ओर से सेठपुर गांव की ओर जा रहा था। चारों एक ही बाइक पर थे। जब वह बालावाली तिराहे रेलवे ओवरब्रिज के समीप पहुंचे तभी पीछे से एक बाइक पर आए तीन हमलावर युवकों ने मनीष पर गोली चला दी।
मनीष के कमर के निचले हिस्से व जांघ में दो गोलियां लगीं और वह नीचे गिर गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
मनीष को स्थानीय अस्पताल में लाया गया। उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि हमलावर युवकों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
एक साल पहले भी मनीष पर चली थी गोली
युवकों के बीच आपसी विवाद और रंजिश से जुड़ा है मामला
राजीव नामदेव
लक्सर। नगर में सरेशाम युवक को गोली मार देने की घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। मनीष का एक साल पहले लक्सर से सटे खेड़ी गांव निवासी युवकों के साथ विवाद हुआ था। इसके कुछ दिनों के बाद उस पर गोली चला दी गई थी। मामले में खेड़ी निवासी युवकों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
बताया गया कि इसके बाद से ही उनके बीच रंजिश चली आ रही है। शनिवार को मनीष को गोली मारने की घटना को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया गया कि हमलावरों को मनीष के लक्सर आने की जानकारी थी। वह पहले से घात लगाए थे। मौका मिलते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। मनीष को दो गोलियां लगी हैं।
इनमें एक गोली उसकी जांघ को चीरते हुए निकल गई है। दूसरी गोली उसकी कमर के निचले हिस्से में धंसी हुई है। ऐसे में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में मनीष के पिता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामला युवकों के बीच आपसी विवाद और रंजिश से जुड़ा होने की बात प्रारंभिक जांच में सामने आई है। मामले की जांच के साथ ही हमलावर युवकों की तलाश की जा रही है।
हमलावरों ने दिखाया दुस्साहस
लक्सर। नगर के अतिव्यस्त बालावाली तिराहे पर सरेशाम गोली चलने से हड़कंप मच गया। आरओबी के समीप जिस स्थान पर युवक को गोलियां मारी गई वह इलाका भीड़भाड़ वाला है। ऐसे में दिनदहाड़े भीड़ भरे इलाके में युवक को गोली मारने और इसके बाद आसानी से निकल जाने पर हमलावरों के दुस्साहस का अंदाजा लगाया जा सकता है।