सफाई के नाम पर खानापूर्ति, तीन-चार दिन में लगती है झाड़ू, शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी ग्रेटर नोएडा। सेक्टर अल्फा-1 में सफाई व्यवस्था की बदहाली से स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो रहा है। सेक्टर की सड़कों से लेकर खाली स्थानों तक जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नियमित झाड़ू नहीं लगने और घरों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के समय पर नहीं पहुंचने से गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात यह हैं कि ई-ब्लॉक के सामने 18 मीटर रोड पर सी-ब्लॉक की तरफ पिछले चार महीने से कूड़ा जमा है। वहीं, सेक्टर के अन्य हिस्सों में भी करीब दो महीने से कूड़ा नहीं उठाया गया है। लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था संभालने वाले ठेकेदार की ओर से पर्याप्त कर्मचारी नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते तीन से चार दिन में एक बार ही सड़कों पर झाड़ू लगाई जा रही है। सफाई के लिए जरूरी मशीनों और अन्य संसाधनों की भी कमी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। निवासियों ने संबंधित विभाग से तत्काल कूड़ा उठवाने, नियमित सफाई कराने और पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की मांग की है।
विज्ञापन
कोट
करीब चार महीने से सड़क किनारे कूड़े का ढेर लगा है। कई बार शिकायत के बावजूद सफाईकर्मियों ने उसे हटाने की जहमत नहीं उठाई। - गजेंन्द्र दत्त, निवासी
सफाई कर्मचारियों के नियमित नहीं आने से व्यवस्था बिगड़ी हुई है। घरों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी कई बार नहीं पहुंचती। - रणबीर चौधरी, निवासी
तीन से चार दिन तक सफाई नहीं होती है। इससे स्थानीय निवासियों को परेशानी होती है। -विजय शर्मा, निवासी
पर्याप्त सफाईकर्मी और संसाधन नहीं होने से व्यवस्था बिगड़ी है। हमारी मांग है कि नियमित सफाई कराई जाए। - दिनेश शर्मा, निवासी