तहसील दिवस पर जनसमस्या सुनते जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस वरिष्ठ अधिक्षक सोमेन बर्मा
जिले की चारों तहसील पर शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सदर तहसील में फरियाद सुनी। कछवां थाना क्षेत्र के सेमरी निवासी प्रवीण कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन को उसके भाई ने बेच दिया था।
यह मामला न्यायालय में चल रहा है, स्टे हैं। इसके बाद भी विपक्षी भूमि को खाली करने का दबाव बना रहे हैं, धमकी दी जा रही है। चारों तहसील पर 149 मामले आए जिनमें से 18 का मौके पर निस्तारण किया गया।
प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि दो वर्ष हो गए। अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिकारी कह रहे हैं कि बाहर जाओ अभी देखवाते हैं। सदर तहसील में 41 मामले आए जिसमें से 10 का मौक पर निस्तारण हुआ। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, एएसपी नितेश सिंह, एसडीएम गुलाबचंद्र, सीओ सदर अमर बहादुर व अन्य थे।
मड़िहान : अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।इस दौरान विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे 28 फरियादी शिकायत लेकर समाधान के लिए पहुंचे।
मौके पर तीन मामलों का निबटारा किया गया।पटेवर मौजा निवासी सुनीता देवी ने शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि हरिजन आबादी की लगभग चार बिस्वा पर पटेवर ग्राम प्रधान के पति द्वारा अनाधिकार कब्जा किया गया है।
उपजिलाधिकारी अविनाश कुमार, तहसीलदार एके पाण्डेय, नायब तहसीलदार राहुल मिश्रा, खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा, मड़िहान थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह आदि अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
लालगंज:
एडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर जनसुनवाई की गई। इस दौरान आए 59 प्रकरणों में से तीन का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
खरीहट कला के कालू ने आरोप लगाया कि उनके नाम पर कोई महिला राशन निकाल रही है और उनका नाम राशन कार्ड से काटा जाए। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह के निर्देश पर सप्लाई इंस्पेक्टर ने जांच की। मामला निराधार पाया गया।
इस दौरान बीडीओ व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल हिंदल, तहसीलदार दीक्षा पांडेय, रेंजर केके सिंह, इंस्पेक्टर अभय कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के तहसील स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
चुनार:
तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह ने सुना। कुल 21 प्रार्थना पत्र आए जिसमें मौके पर एक का निस्तारण हुआ। इस दौरान तहसीलदार ईवेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक मंजरी राव सहित राजस्व व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।