तावडू। सीएम फ्लाइंग की टीम ने बुधवार को सूचना के आधार पर तावडू क्षेत्र में मिठाई की दुकानों में छापा मारा। सीएम फ्लाइंग द्वारा मिठाई प्रतिष्ठानों पर छापा मारने की खबर से नगर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। बुधवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने तावडू उपमंडल के गांव गोयला और पढेनी सहित नगर के एक गोदाम में छापा मारकर सैंपल लिए। सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी के उप निरीक्षक लोकपाल ने बताया कि डीएसपी वीरेंद्र सिंह को मिली सूचना के निर्देश पर बुधवार को तावडू क्षेत्र में मिठाई के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर दीपक चौधरी को साथ में लेकर गांव गोयला में सद्दाम मिष्ठान भंडार, गांव पढेनी में तंवर स्वीट्स व तावडू नगर में प्रवीण स्वीट्स की दुकानों पर छापा मारा।
इसके अलावा उन्हें सूचना मिली थी कि गोयला में एक अवैध शराब का ठेका संचालित है, जहां पर भी छापा मारा गया। इस संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक त्योहारी सीजन में इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि लोगों तक मिलावटी मिठाई नहीं पहुंच सके।