तावडू। बहुचर्चित डिंगरहेडी कांड में फरार चल रहे एक आरोपी की तलाश में सीबीआई टीम ने उसके ठिकाने पर एक बार फिर छापा मारा, लेकिन आरोपी नहीं मिला। टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे पहले 27 अक्तूबर को भी सीबीआई टीम ने दबिश दी थी। साथ ही उनके परिजनों को वारंट नोटिस देकर सीबीआई के सामने पेश होने का आह्वान किया था। इस मामले में 11 आरोपियों में से 10 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
तावडू सदर थाना प्रभारी हेमेंद्र मीणा ने बताया कि बुधवार को सीबीआई निरीक्षक राजेश बैरवा के नेतृत्व में टीम तावडू थाने पहुंची थी और फरार चल रहे आरोपी अमरजीत निवासी नंदू की ढाणी में उसके घर और अन्य ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिला। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फरार चल रहे आरोपी को दीपावली तक पेश होने को कहा गया है। यदि इसके बाद भी आरोपी पेश नहीं हुआ तो संपत्ति कुर्क करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
डिंगरहेडी गांव में 2016 में 24-25 अगस्त की रात एक परिवार में डबल मर्डर और डबल दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने नंदू की ढाणी निवासी चार आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया था। इसके विरोध में प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन किए गए थे और पीड़ित परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन लगभग 4 वर्ष बीत जाने के बाद भी सीबीआई किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।