रामकोट। कस्बे में देसी शराब की दुकान पर तैनात सेल्समैन अंकित शुक्ला उर्फ कल्लू (35) पर शुक्रवार देर रात एक युवक ने हंसिये से हमला कर दिया। गर्दन व सिर पर कई वार किए। हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय निवासियों की मदद से परिजनों ने अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ स्थित ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया। वहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रामकोट थानाध्यक्ष सुरेश पटेल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। आरोपी पुलिस हिरासत में है।
अंकित के परिजनों के अनुसार आरोपी युवक कुछ दिनों पहले अंकित से शराब उधार लेने गया था। उधार देने से मना करने पर वहरंजिश मानने लगा। शुक्रवार देर रात अंकित कस्बे में ही अपने बेटे को मूंगफली दिलाने जा रहे थे। तभी आरोपी हमलावर हो गया और हंसिये से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर अंकित को छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पुलिस भी पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।