पुलिस की गिरफ्त में महिला बिल्डर मनु टंडन।
- फोटो : फाइल फोटो
बिसरख कोतवाली पुलिस ने शाहबेरी में दो भवनों का अवैध निर्माण कराकर 30 फ्लैट बेचने के आरोप में गाजियाबाद के विजय नगर निवासी बिल्डर महिला मनु टंडन को गिरफ्तार किया है। केस में मनु का पति राकेश टंडन नामजद था, लेकिन पुलिस जांच में महिला का नाम सामने आने पर गिरफ्तारी की गई है। शाहबेरी में अवैध निर्माण के आरोपी 49 बिल्डर अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं, आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने और कुर्की की कार्रवाई शुरू करने की तैयारी कर रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने 14 अगस्त को लोहिया नगर के राकेश टंडन के खिलाफ बिसरख कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि राकेश टंडन ने शाहबेरी में दो अवैध निर्माण कर कई फ्लैट बनाए हैं। भवन निर्माण कर लोगों को प्राधिकरण से अनुमति व नक्शा आदि पास होने का झांसा देकर लोगों को 30 फ्लैट बेच दिए गए। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि फ्लैट की रजिस्ट्री राकेश टंडन की पत्नी मनु टंडन ने की थी।
पुलिस शाहबेरी प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गाजियाबाद गई थी। राकेश टंडन का परिवार फिलहाल विजय नगर स्थित सुपरटेक-1 सोसायटी में रह रहा था। वहां दबिश देने पर राकेश टंडन नहीं मिला लेकिन उनकी पत्नी मनु टंडन घर पर मौजूद थीं। पुलिस ने मनु टंडन को गिरफ्तार कर लिया।
बिसरख कोतवाली प्रभारी, मनोज पाठक ने बताया कि शाहबेरी के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, दिल्ली, हरियाणा आदि स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने महिला बिल्डर मनु टंडन को गिरफ्तार किया है। फरार अन्य आरोपियों के जल्द गैर जमानती वारंट जारी करा दिए जाएंगे। इससे पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।