शाहबेरी में आयोजित पंचायत में रणनीति बनाते खरीदार।
- फोटो : Grnoida
शाहबेरी संघर्ष समिति ने धरनास्थल पर रविवार को पंचायत की। जिसमें फैसला लिया कि हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर न्याय मांगा जाएगा। साथ ही प्राधिकरण पर धरने के दौरान खरीदारों पर लाठीचार्ज और फर्जी मुकदमे दर्ज करने की शिकायत मानवाधिकार आयोग से करेंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी ने समिति के आंदोलन को समर्थन दिया है। सुबह खरीदारों ने शाहबेरी में धरनास्थल पर पंचायत की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव राकेश सिसोदिया व कई नेताओं ने अपना समर्थन दिया है। पंचायत में सुप्रीम कोर्ट के कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि इन्हीं अधिवक्ताओं से संपर्क कर हाईकोर्ट में जनहित याचिका डाली जाएगी। इसकी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्राधिकरण व सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं रही। खरीदार अब कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने महिला, बच्चों व बुजुर्गों पर लाठीचार्ज किया। साथ ही 12 खरीदारों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। इसकी शिकायत मानवाधिकार आयोग से कर पुलिस व प्राधिकरण के दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की जाएगी। खरीदारों ने बताया कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। कुछ असामाजिक तत्वों ने धरनास्थल को तोड़ दिया था। उन्हें भी चिह्नित किया जाएगा।