आजमगढ़। इंडसइंड बैंक की सिविल लाइंस शाखा में 25.77 लाख रुपये के गबन का मामला आया है। बैंक के सेवा वितरण प्रबंधक दीनदयाल उपाध्याय पर तीन खाताधारकों के खातों से बड़ी धनराशि निकालने का आरोप है। इस मामले में शाखा प्रबंधक उमाकांत यादव की तहरीर पर मंगलवार को दीनदयाल उपाध्याय और अज्ञात व्यक्तियों पर शहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है।
शाखा प्रबंधक उमाकांत यादव ने बताया कि 15 सितंबर को दो ग्राहक जगदीश यादव और बृजेश सैनी और 17 सितंबर को अश्विनी गोयल पति गुंजन गोयल ने अपने खाते से पैसे निकालने की शिकायत बैंक में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके खाते से क्रमशः चार लाख, 12.77 लाख और नौ लाख रुपये निकाले गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सेवा वितरण प्रबंधक दीनदयाल उपाध्याय को 16 सितंबर को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह 12 सितंबर से कार्यालय नहीं आए हैं और उनका कोई अता-पता नहीं है। बैंक ने इस वित्तीय अनियमितता को लेकर आंतरिक जांच शुरू की और पुलिस से भी मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। शाखा प्रबंधक उमाकांत यादव ने पुलिस से अनुरोध किया है कि आरोपी और इस गबन में शामिल अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
शहर कोतवाली पुलिस ने दीनदयाल उपाध्याय निवासी मुस्तफाबाद जहानागंज, अजीजाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर एक नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।