अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के कई शहर प्रदूषण की चपेट में हैं। बुधवार को भी प्रदेश का रोहतक देशभर में छठा सबसे प्रदूषित शहर रहा। रोहतक का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 325 रहा। इसके बाद भिवानी का 300 एक्यूआई दर्ज किया गया है। बल्लभगढ़ का 264, बहादुरगढ़ का 222, धारूहेड़ा का 296, फतेहाबाद का 259, गुरुग्राम का 272, जींद का 283 और यमुनानगर का 242 एक्यूआई रहा।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक रणबीर राठी का कहना है कि पराली का धुआं प्रदूषण के लिए 16 से 20 प्रतिशत तक एक कारण होता है मगर सर्वाधिक प्रदूषण वाहनों से होता है। इसी तरह से जो कचरा शहरों या ग्रामीण क्षेत्रों में जलाया जाता है वह भी प्रदूषण का एक कारण है। ठंड के माैसम में हवा धीमी होती है इसलिए प्रदूषण के कण वहीं पर्यावरण में माैजूद रहते हैं। अब तेज गति की हवा चले या बारिश हो तभी इस प्रदूषण से राहत मिलेगी।